पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की पत्नी को नम आंखों से अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और जीतू पटवारी ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की पत्नी को नम आंखों से अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और जीतू पटवारी ने जताया शोक


भाेपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा की धर्मपत्नी सुभद्रा वर्मा का रविवार को निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सोमवार सुबह इंदौर के पलसीकर कॉलोनी स्थित निवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसके बाद रीजनल पार्क मुक्तिधाम (पिपलिया पाला) में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके पुत्र पवन वर्मा ने मुखाग्नि देकर अपनी माता को अंतिम विदाई दी।

अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, रिश्तेदार और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से सुभद्रा वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। जीतू पटवारी ने कहा कि कैबिनेट में उनके साथ कार्य कर चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा की धर्मपत्नी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि सुभद्रा वर्मा सरल, सौम्य और संवेदनशील व्यक्तित्व की धनी थीं तथा उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस गहन दुख को सहने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरी मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सज्जन सिंह वर्मा और उनके परिवार के साथ खड़ी है। स्वर्गीय सुभद्रा वर्मा के दो पुत्र थे—स्वर्गीय गगन वर्मा और पवन वर्मा। बड़े पुत्र गगन वर्मा का मई 2025 में असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से ही सुभद्रा वर्मा गहरे सदमे में थीं। अंतिम संस्कार के दौरान इंदौर, देवास, उज्जैन, धार, भोपाल सहित कई जिलों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने जताया शाेक

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सुभद्रा वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा की धर्मपत्नी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह गहन दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story