सागर विश्वविद्यालय में योग विभाग के स्थानांतरण का आदेश स्थगित, छात्रों का अनशन समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
सागर विश्वविद्यालय में योग विभाग के स्थानांतरण का आदेश स्थगित, छात्रों का अनशन समाप्त


सागर विश्वविद्यालय में योग विभाग के स्थानांतरण का आदेश स्थगित, छात्रों का अनशन समाप्त


सागर, 29 मार्च (हि.स.)। मप्र के सागर स्थित डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के योग विभाग के स्थानांतरण को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा गतिरोध रविवार को समाप्त हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने योग विभाग को कंप्यूटर साइंस विभाग में शिफ्ट करने के अपने पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। इस निर्णय के बाद अनशन पर बैठे छात्रों ने खुशी जताते हुए अपना क्रमिक अनशन खत्म कर दिया है।

दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 08 जनवरी को एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत योग विभाग को उसके वर्तमान 'पतंजलि भवन' से हटाकर कंप्यूटर साइंस विभाग की बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाना था। इस फैसले का छात्र कड़ा विरोध कर रहे थे। छात्रों का तर्क था कि योग क्रियाओं, प्राणायाम और प्रयोगात्मक कक्षाओं के लिए पतंजलि भवन में आवश्यक सुविधाएं और खुला वातावरण उपलब्ध है, जो कंप्यूटर विभाग की बिल्डिंग में संभव नहीं हो पाता।

विभाग के शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक रूप से विश्वविद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया था कि योग की विशिष्ट आवश्यकताओं (जैसे शांत वातावरण और पर्याप्त स्थान) को देखते हुए इसे वर्तमान भवन में ही रहने दिया जाए। छात्रों की भावनाओं और विभाग की व्यवहारिक कठिनाइयों को दृष्टिगत रखते हुए कुलसचिव ने पुराने आदेश पर रोक लगा दी है।

विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी प्रो. राजेंद्र यादव, विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल जैन और प्रभारी मीडिया अधिकारी ने अनशन स्थल पर पहुंचकर छात्रों को स्थगन आदेश की प्रति सौंपी। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस सकारात्मक कदम का छात्रों ने स्वागत किया और विवि प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए अपना अनशन समाप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story