सागर : तिरंगे के रंग में रंगा सागर, सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
सागर : तिरंगे के रंग में रंगा सागर, सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब


सागर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सागर शहर बुधवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ तीनबत्ती स्थित ऐतिहासिक म्यूनिसिपल स्कूल परिसर से हुआ। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया तथा लीगल राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन ने तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़कर यात्रा को रवाना किया। गुब्बारों के उड़ते ही लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए।

म्यूनिसिपल स्कूल से शुरू हुई यात्रा गौर मूर्ति, जामा मस्जिद और राधा तिराहा होते हुए पुन: जामा मस्जिद, नमक मंडी और वन-वे मार्ग से गुजरकर म्यूनिसिपल स्कूल पहुंची। यात्रा के दौरान सड़कें तिरंगे के तीन रंगों से सजी नजर आईं। राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासन के साथ चल रहे युवाओं और बच्चों का शहरवासियों तथा व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। समापन अवसर पर सहभागियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता यामिनी मौर्य का सम्मान

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल कर सागर और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य का सम्मान रहा। यात्रा के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने यामिनी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ और शहरवासियों के राष्ट्रप्रेम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब जनभागीदारी का उत्सव बन गया है। तिरंगा देश की एकता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों तथा वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान तक राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाना है। घर-घर फहराता तिरंगा देश के विकास और सशक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित करता है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल के संचालन में आयोजित यात्रा में सागर विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story