सागर: घने कोहरे और बर्फीली हवाओं से कांपा शहर, अलाव बने सहारा

WhatsApp Channel Join Now
सागर: घने कोहरे और बर्फीली हवाओं से कांपा शहर, अलाव बने सहारा


सागर, 04 जनवरी (हि.स.)। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं ने सागर शहर सहित पूरे जिले में कड़ाके की ठंड बढ़ा दी है। जनवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बीते 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में 2-2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन में भी ठिठुरन महसूस होने लगी है। रविवार को घना कोहरा और धुंध छाई रहने के कारण सूरज की गर्मी बेअसर रही और लोगों को दिन में भी अलाव का सहारा लेना पड़ा।

सुबह से छाया रहा घना कोहरा

रविवार सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। धुंध के कारण सुबह धूप नहीं निकल सकी, जिससे ठंड का असर और अधिक बढ़ गया।

अस्पतालों में बढ़े सर्दी-जुकाम के मरीज

मौसम में अचानक आई गिरावट का सीधा असर लोगों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। जिला अस्पताल और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण और जोड़ों के दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

डॉक्टरों के अनुसार, तेजी से गिरते तापमान में बुजुर्गों, बच्चों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

अलाव बना ठंड से राहत का जरिया

ठंड बढ़ने के कारण शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ अलाव के आसपास देखी गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचते दिखे।

फसलों पर पाले का खतरा, किसानों को सलाह

कृषि विशेषज्ञ के अनुसार यदि तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाता है तो फसलों पर पाले का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने किसानों को खेतों की मेड़ों पर सूखा व गीला कचरा जलाकर धुआं करने की सलाह दी है, जिससे खेत के आसपास का तापमान संतुलित रहता है।

अभी और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार-रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 22.4 डिग्री रह गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री दर्ज किया गया।

हवा में नमी सुबह 95 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे कोहरा और धुंध का असर और बढ़ गया। अगले दो दिनों तक सागर में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अनुमान है कि रात का तापमान 8 डिग्री और दिन का तापमान 21 डिग्री तक जा सकता है।

जनजीवन रहा प्रभावित

कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले और गर्म कपड़ों का सहारा लिया। जनवरी की शुरुआत में ही इस सीजन की सबसे ज्यादा ठिठुरन शनिवार को महसूस की गई।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/मीनष कुमार चौबे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story