सागरः होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अलर्ट मोड में पुलिस
सागर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में होली पर्व और वर्तमान संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में जिले भर में उत्सव खुशियों का, समझौता नहीं कानून से अभियान के तहत व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) संजीव उईके और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सागर) लोकेश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में पूरे जिले को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
सागर पुलिस ने रविवार को जानकारी दी है कि जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शहर के प्रमुख तिराहों-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पैदल पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग के साथ-साथ इस बार सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए उपद्रवियों पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।
तीन सवारी, ओवर स्पीडिंग और स्टंट करने वालों की गाड़ियां जब्त की जाएंगी। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर नियमानुसार चालान काटा जाएगा। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म की 24×7 मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सांप्रदायिक या भ्रामक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रील या वीडियो के जरिए अपराध का महिमामंडन करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षाओं के केंद्रों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के पास अनावश्यक भीड़ लगाने, डीजे बजाने या शोर-शराबा करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी ताकि विद्यार्थियों को शांत वातावरण मिल सके। निर्धारित समय सीमा के बाद या अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर साउंड सिस्टम जब्त कर लिया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

