सागरः मोतीनगर लूट कांड का इनामी बदमाश गिरफ्तार
सागर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की मोतीनगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूट के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 2000 रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया कीमती सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 17 सितंबर 2025 की रात की है। छतरपुर जिले के ग्राम बंडेलखेरा निवासी फरियादी खसपाल यादव अपने भाई विक्रम के साथ सागर आए थे। रात करीब 12:45 बजे जिला अस्पताल के पास राजीवनगर क्षेत्र में दो वाहनों (मोटरसाइकिल और स्कूटी) पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले पैसों की मांग की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर खसपाल को घायल कर दिया। आरोपी उनके पास से ₹5000 नगद और गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने धारा 309(6) BNS के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी। मामले में तीन आरोपी (गोरख कोरी, राज कोरी और ओम कोरी) पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन चौथा आरोपी राम सोनी (21 वर्ष) फरार चल रहा था, जिस पर ₹2000 का इनाम घोषित था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर राम सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसकी निशानदेही पर ₹25,000 की कीमत का सोने का लॉकेट बरामद किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

