सागर: लोकायुक्त की कार्रवाई, नामांतरण के लिए 10 हजार की घूस लेते पटवारी रंगेहाथ गिरफ्तार
सागर, 12 जून (हि.स.)। कृषि भूमि के नामांतरण के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना एक पटवारी को महंगा पड़ गया। सागर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए जैसीनगर तहसील के पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, जैसीनगर निवासी भगवानदास सोलंकी ने 8 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी पुत्रवधू द्वारा ग्राम कंकर कुइयां, बम्होरी घाट में खरीदी गई करीब 1.4 हेक्टेयर कृषि भूमि के नामांतरण के लिए संबंधित हल्का पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। रिश्वत नहीं देने पर नामांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत फरियादी को रिश्वत की राशि देकर आरोपी पटवारी के पास भेजा गया।
पहले संजय ड्राइव बुलाया, फिर तिली तिगड्डा पहुंचने को कहा
कार्रवाई के दौरान पटवारी ने फरियादी को पहले संजय ड्राइव पर बुलाया, लेकिन स्वयं वहां नहीं पहुंचा। बाद में फोन कर कहा कि तीन मिनट के भीतर तिली तिगड्डा पहुंचो। फरियादी जैसे ही वहां पहुंचा और पटवारी को 10 हजार रुपये सौंपे, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
परिवीक्षा अवधि में ही रिश्वत लेते पकड़ा गया
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पटवारी अभी परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि में है। उसे नौकरी ज्वाइन किए हुए डेढ़ वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इस दौरान ही वह रिश्वत लेते पकड़ा गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक कमल सिंह उइके सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

