सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में प्रसूता की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया

WhatsApp Channel Join Now
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में प्रसूता की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया


सागर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में सोमवार सुबह एक 30 वर्षीय प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी अनुसार मृतका की पहचान नयाखेड़ा निवासी संध्या अहिरवार के रूप में हुई है, जिसे 17 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर बंडा अस्पताल से रेफर कर बीएमसी लाया गया था। यहां उनका उपचार जारी था। परिजनों के अनुसार, रविवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें लेबर रूम में शिफ्ट किया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मरीज को समय पर उचित उपचार नहीं मिला। उनका कहना है कि संध्या करीब दो घंटे तक दर्द से तड़पती रही, लेकिन समुचित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्टाफ द्वारा लगाए गए एक इंजेक्शन के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई।

इसी दौरान संध्या की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल में जमा हो गए और प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका यह भी आरोप है कि प्रसूता की मौत के बाद से बीएमसी प्रबंधन ने अब तक उन्हें मृत संध्या का चेहरा नहीं देखने दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। फिलहाल परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story