सागर: खुरई के महाकाली मंदिर में बड़ी चोरी, बिना ताला तोड़े दानपेटी से लाखाें उड़ाए, सीसीटीवी के तार काटकर फरार हुए चोर

WhatsApp Channel Join Now
सागर: खुरई के महाकाली मंदिर में बड़ी चोरी, बिना ताला तोड़े दानपेटी से लाखाें उड़ाए, सीसीटीवी के तार काटकर फरार हुए चोर


सागर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई शहर में स्थित प्रसिद्ध महामंगला महाकाली मंदिर में रविवार रात शातिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के व्यस्त शिवाजी चौक पठार इलाके में बने इस मंदिर की दान पेटी से करीब 1 से 1.5 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए गए। घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ, जब पुजारी मंदिर के पट खोलने पहुंचे।

जानकारी के अनुसार चोरों ने हैरान कर देने वाले तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के मुख्य गेट का ताला जस का तस रहा, जबकि चोर जाली के रास्ते अंदर घुसे। आशंका है कि जाली से किसी बच्चे या पतले व्यक्ति को अंदर भेजा गया, जिसने भीतर से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद मंदिर की लाइट बंद कर दी गई, ताकि अंधेरे में आराम से चोरी की जा सके।

दानपेटी पीछे ले जाकर तोड़ी, नकदी लेकर फरार

चोर मंदिर के अंदर रखी कांच की दान पेटी को पीछे परिक्रमा स्थल तक ले गए और वहां उसे तोड़ दिया। पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि कुछ चिल्लर और छोटे नोट वहीं छोड़ दिए। चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना और थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पहले भी हो चुकी है चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

मंदिर समिति के सचिव देशराज सिंह यादव ने बताया कि करीब तीन साल पहले भी यहां चोरी की घटना हुई थी, जिसमें आरोपी पकड़ा गया था। इस बार भी चोरी से पहले रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शहर के बीचों-बीच स्थित मंदिर में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वाड की टीम बुलाई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story