सागरः केसली के नारायणपुर में अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी से भरा डंपर, बिजली पोल और मकान को पहुंचाया भारी नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
सागरः केसली के नारायणपुर में अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी से भरा डंपर, बिजली पोल और मकान को पहुंचाया भारी नुकसान


सागर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की केसली तहसील के ग्राम नारायणपुर में शुक्रवार को गिट्टी से भरा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में डंपर ने पहले बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे मकान से टकराकर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना जबरदस्त था कि बिजली का पोल पूरी तरह धराशायी हो गया और मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त मकान में संचालित दुकानें बंद थीं। यदि दुकानें खुली होतीं या वहां लोग मौजूद होते, तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

टक्कर के बाद डंपर पलट गया, जिससे उसका चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायल ड्राइवर को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही थाना केसली के अंतर्गत आने वाली टड़ा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल ड्राइवर को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केसली भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा डंपर की तेज रफ्तार की वजह से हुआ या फिर वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी। फिलहाल, इलाके की बिजली व्यवस्था बाधित है जिसे सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story