सागर में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, पीटीसी मैदान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
सागर में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, पीटीसी मैदान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


सागर, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर सागर जिले में रविवार सुबह उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला। खेल परिसर के समीप स्थित पीटीसी (पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज) मैदान में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

'पहला सुख निरोगी काया' की भावना को आत्मसात करते हुए आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह की ताजगी भरी हवा के बीच योग साधकों ने प्राणायाम, विभिन्न योगासन और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी और जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास में भाग लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग सत्र का संचालन अनुभवी योगाचार्यों विष्णु आर्य और भगत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियों की जानकारी देते हुए नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम अमन मिश्रा तथा संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. जोगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पीटीसी मैदान में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से योगासन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी उपस्थित लोगों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। योग दिवस के इस सामूहिक आयोजन ने सागर में स्वास्थ्य, अनुशासन और जनभागीदारी का एक प्रेरक संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story