‘सागर ऑनर रन’ में 13 दिसंबर को शामिल होंगी कर्नल सोफिया कुरैशी और परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
‘सागर ऑनर रन’ में 13 दिसंबर को शामिल होंगी कर्नल सोफिया कुरैशी और परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार


सागर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में देशभक्ति और फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 13 दिसंबर 2026 को ‘सागर ऑनर रन’ का आयोजन किया जाएगा। भारतीय सेना और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में कर्नल सोफिया कुरैशी और परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार विशेष रूप से शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई।

कर्नल अमित कुमार झा ने बताया कि रविवार, 13 दिसंबर को सुबह छह बजे खेल परिसर से दौड़ प्रारंभ होगी और समापन भी यहीं होगा। निर्धारित मार्ग के अनुसार प्रतिभागी लाखा बंजारा झील के किनारे, दीनदयाल उपाध्याय चौक, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, होटल रॉयल पैलेस, आईएसबीटी और बरगद अस्पताल तक पहुंचेंगे। इसके बाद इसी मार्ग से वापस खेल परिसर लौटेंगे।

10 और 21 किलोमीटर की दौड़

आयोजन में मुख्य रूप से 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों के लिए 30 वर्ष या उससे कम, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष तथा 51 वर्ष से अधिक आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। सभी पंजीकृत धावकों को टी-शर्ट, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

विजेताओं को मिलेगी पुरस्कार राशि

एनसीसी कैडेट्स, सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों, सैन्यकर्मियों के आश्रितों तथा राज्य एवं केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

21 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 20 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 10 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार पांच हजार रुपये रखा गया है।

पंजीयन शुल्क में विशेष छूट

आयोजन के लिए 21 किलोमीटर दौड़ का पंजीयन शुल्क 800 रुपये तथा 10 और पांच किलोमीटर दौड़ के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है। एनसीसी कैडेट्स, सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों, सैन्यकर्मियों के आश्रितों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों को पंजीयन शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पिछले ‘सागर ट्रेल रन’ के विजेताओं को 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी, जबकि वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं के लिए पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और प्रतिभागियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व्यवस्था, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम, चिकित्सा सुविधाओं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने शहर के विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, जिम, खेल परिसरों और सिटी स्टेडियम से युवाओं एवं खिलाड़ियों को अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया। बैठक में सेना के अधिकारी मेजर प्रमोद, लेफ्टिनेंट संदीप सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story