सागरः कृष्णा इंटरप्राइजेस से 'गोवर्धन प्योर काऊ घी' के 36 जार जप्त, सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए

WhatsApp Channel Join Now
सागरः कृष्णा इंटरप्राइजेस से 'गोवर्धन प्योर काऊ घी' के 36 जार जप्त, सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए


सागर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में दूध और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने रविवार को मल्लापुरा (तुलसीनगर वार्ड) स्थित 'कृष्णा इंटरप्राइजेस' पर औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्यवाही के दौरान प्रतिष्ठान में मौजूद 'गोवर्धन प्योर काऊ घी' की गुणवत्ता पर संदेह होने पर विस्तृत जांच शुरू की गई।

जांच टीम ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत घी का आधिकारिक नमूना (सैंपल) लिया। इसके साथ ही संदेह के आधार पर मौके पर मौजूद 500 एमएल क्षमता के 36 जार (कुल 18 लीटर) जप्त कर सील कर दिए गए। जप्त किए गए घी का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹16,000 बताया जा रहा है। एकत्र किए गए नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

मिलावटखोरों पर जारी रहेगा कड़ा रुख

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में शुद्ध सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि मानकों पर खरे न उतरने वाले खाद्य विक्रेताओं और मिलावटखोरी में लिप्त व्यक्तियों पर कानून के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story