सागर में पहली बार एआई तकनीक से आँखों की जाँच, सेवा पखवाड़ा शिविर में 270 मरीजों का हुआ परीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सागर में पहली बार एआई तकनीक से आँखों की जाँच, सेवा पखवाड़ा शिविर में 270 मरीजों का हुआ परीक्षण


सागर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में रविवार को राम सरोज समूह द्वारा 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत एक विशेष नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मशीन का उपयोग रही, जिसके माध्यम से सागर में पहली बार मरीजों की डायबिटिक रेटिनोपैथी की जाँच की गई। विजन एकेडमी भोपाल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 270 मरीजों के नेत्रों का परीक्षण कर उन्हें उपचार संबंधी परामर्श दिया गया।

शिविर में भोपाल से आए विजन विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र चावला ने बताया कि सागर में पहली बार इस आधुनिक AI युक्त मशीन का उपयोग किया गया है। इस मशीन की खासियत यह है कि यह बिना किसी देरी के तुरंत रिपोर्ट जनरेट कर देती है, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि मरीज को डायबिटीज के कारण आँखों की समस्या (रेटिनोपैथी) है या नहीं। डॉ. चावला ने यह भी साझा किया कि जल्द ही इस तकनीक का एक डेमो बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में भी दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पीएस ठाकुर ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों को अत्याधुनिक तकनीक का लाभ मिलना सुखद है। एआई मशीनों के प्रयोग से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि निदान भी अधिक सटीक होता है। यह शिविर उन गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हुआ जो महंगी जाँचें कराने में असमर्थ हैं।

राम सरोज समूह के संस्थापक स्व. रामशंकर केसरवानी एवं स्व. सरोजनी देवी केसरवानी की पावन स्मृति में आयोजित इस सेवा पखवाड़े को लेकर समाजसेवी संजीव केसरवानी ने बताया कि समूह निरंतर स्वास्थ्य और समाज कल्याण के कार्य कर रहा है। शिविर में जाँच के साथ-साथ विशेषज्ञों ने मधुमेह से होने वाले अंधेपन की रोकथाम के उपाय भी बताए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story