सागर : ई-अटेंडेंस नहीं लगाने और ड्यूटी से नदारद 60 से अधिक शिक्षकों को डीईओ ने जारी किए नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
सागर : ई-अटेंडेंस नहीं लगाने और ड्यूटी से नदारद 60 से अधिक शिक्षकों को डीईओ ने जारी किए नोटिस


सागर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सुधारने और शिक्षकों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा रुख अपनाया है। ई-अटेंडेंस नहीं लगाने और महीनों से अनधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने वाले 60 से अधिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सागर जिले के विभिन्न विकासखंडों बंडा, देवरी, जैसीनगर, खुरई, राहतगढ़, शाहगढ़, सागर और बीना में पदस्थ कई लोकसेवक बिना किसी पूर्व स्वीकृति के लंबे समय से अनुपस्थित हैं। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा अनिवार्य किए गए 'शिक्षक ऐप' पर ई-अटेंडेंस न लगाकर मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियमों का सीधा उल्लंघन कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अरविंद जैन ने सख्त रवैया अपनाते हुए मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए थे।

ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले करीब 41 शिक्षकों को मंगलवार को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि तय समय पर उपस्थित न होने वालों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई करते हुए सेवा पृथक (बर्खास्तगी) का अंतिम प्रस्ताव तैयार कर आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को भेजा जाएगा।

लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षक व कर्मचारी: नेहा चौधरी (बंडा), सोहनलाल सौर (बंडा), मुन्नालाल साहू (बंडा), पर्वत सिंह गौड़ (बंडा), राकेश कुमार धुर्वे (बीना), जूही बडोनिया (देवरी), स्वाति ब्योहार (देवरी), राजेंद्र चौबे (देवरी), सरिता साहू (जैसीनगर), ललित मोहन शर्मा (जैसीनगर), अभिलाष ताम्रकार (जैसीनगर), आलिया नाज रंगरेज (जैसीनगर), करुणा सागर विश्वकर्मा (जैसीनगर), अखिलेश साहू (खुरई), राकेश कुमार आदिवासी (खुरई), मनोज विश्वकर्मा (राहतगढ़), ममता वैद्य (राहतगढ़), प्रेम सहाय गोंड (राहतगढ़), हरप्रसाद पटेल (सागर), दीपक राज (सागर), दीपक श्रीवास्तव (सागर), और ऊषा किरण अहिरवार (शाहगढ़)।

ई-अटेंडेंस न लगाने वाले शिक्षक/कर्मचारी: अनिल कुमार जैन, दीपचंद राय, दिनेश कुमार तिवारी, अरविंद सिंह, बिसन लाल डेहरिया, देशराज सिंह लोधी, देवेंद्र कुमार चौरसिया, पूरनलाल पटेल, अशोक दुबे, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, जितेंद्र गुप्ता, मानसी दुबे, शशि शुक्ला, आकाश कुमार सकवार, गिरीश सोनी, हेमंत कुमार भल्ला, एसके पवार, नीलेश कुमार ताम्रकार, नयन गोपाल तिवारी सहित अन्य लोकसेवक।

ई-अटेंडेंस न लगाने और लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले कुल 71 शिक्षकों को नोटिस दिए गए हैं। इनमें से 14 शिक्षक लंबे समय से गैरहाजिर रहने के कारण पहले से ही निलंबित हैं, जबकि 8-10 शिक्षक मेडिकल लीव पर हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही आगे की नियमानुसार बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। - अरविंद जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, सागर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story