सागरः भाजयुमो ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव, भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चले जूते-चप्पल
सागर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन की गूंज अब मध्य प्रदेश के सागर जिले में सुनाई दे रही है। शनिवार को सागर में उस समय स्थिति विस्फोटक हो गई, जब भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
देखते ही देखते शांतिपूर्ण प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। बैरिकेड्स के दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई, जो बाद में हाथापाई और पथराव जैसी स्थिति में तब्दील हो गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जूते, चप्पल और झाड़ू फेंके। बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस ने वॉटर कैनन (जल तोप) का प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी और डेटा सुरक्षा के मुद्दे पर शर्ट उतारकर (शर्टलेस) विरोध प्रदर्शन किया था। भाजपा ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश करार दिया है। इसी के विरोध में शनिवार को सागर के कटरा बाजार से भाजपा का जुलूस निकला जो कांग्रेस कार्यालय की घेराव की कोशिश में झड़प में बदल गया।
भाजपा का पक्ष: भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के इशारे पर किया गया एक अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र है। कांग्रेस ने विदेशी मेहमानों के सामने देश का सिर झुकाया है। हम इस गुंडागर्दी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस का पक्ष : भाजपा को अब अपनी हार का डर सता रहा है, इसलिए वे अभी से विपक्ष की भूमिका निभाने की रिहर्सल कर रहे हैं। हमारे कार्यालय पर हमला कर उन्होंने अपनी छोटी मानसिकता दिखाई है। अब हमारे प्रदर्शन भाजपा और आरएसएस कार्यालयों के सामने होंगे।
फिलहाल कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों को शांत रहने की चेतावनी दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। शहर में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

