सागर में भीम आर्मी का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सागर में भीम आर्मी का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


सागर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में शनिवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। चंद्रा पार्क से निकाली गई रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रतीक श्रीवास्तव को सौंपा गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारी प्रवेश द्वार पर लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

रैली में शामिल लोगों के हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित बैनर और तख्तियां थीं। एक पोस्टर पर लिखा संदेश मुर्दों का शहर मध्यप्रदेश और चमचों का शहर सागर भी चर्चा का विषय बना रहा।

प्रदर्शन में नर्सिंग विद्यार्थियों ने भी भागीदारी की। उन्होंने समय पर परीक्षाएं आयोजित कराने और लंबित छात्रवृत्ति शीघ्र जारी करने की मांग उठाई।

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में भीम आर्मी ने हालिया घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच उच्चतम न्यायालय के वर्तमान अथवा सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की भी मांग की गई है।

ज्ञापन में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के पारदर्शी पुनर्गठन की आवश्यकता जताते हुए 20 जुलाई को छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग भी की गई है।

इसके अलावा लाठीचार्ज में घायल विद्यार्थियों को निःशुल्क उपचार और उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पारदर्शी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए 'छात्र लोकपाल' की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story