सागरः अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली का समापन, 128 बेटियों ने पास की दौड़

WhatsApp Channel Join Now
सागरः अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली का समापन, 128 बेटियों ने पास की दौड़


Madhya Pradesh, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर द्वारा इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली का बुधवार को अंतिम व तेरहवां दिन बेहद उत्साहजनक रहा। महिला मिलिट्री पुलिस के लिए संपूर्ण मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की बेटियों ने भारी जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया। 01 अक्टूबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर 2026 तक सफलतापूर्वक चलने वाली इस विशाल भर्ती रैली का आज विधिवत समापन हो गया।

महिला मिलिट्री पुलिस रैली के इस विशेष और अंतिम दिन कुल 204 महिला अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कड़ी शारीरिक परीक्षा, माप-दंडों और कड़ी प्रतिस्पर्धा के उपरांत, कुल 128 बेटियों ने दौड़ में शानदार सफलता हासिल की। इस प्रकार इस चरण का सफलता प्रतिशत 62.75% रहा, जिसके बाद सफल बेटियों ने अगले चरणों के लिए प्रवेश पाकर भारतीय सेना में जुड़ने के अपने सपने की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया है।

सागर जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में 01 अक्टूबर से आरंभ हुई यह संपूर्ण अग्निवीर भर्ती रैली अत्यंत पारदर्शी, सुचारू एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन और सेना के पुख्ता इंतजामों के चलते दूर-दराज से आईं बेटियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

भारतीय सेना ने स्पष्ट संदेश देते हुए उम्मीदवारों से अपील की है कि सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल और केवल योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की दलाली, सिफारिश या अनुचित साधनों का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी बहकावे या ठगी के झांसे में न आएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story