महिलाओं और बेटियों को समाज में सुरक्षा और बराबरी का अधिकार दिलाएगा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
हेमंत खण्डेलवाल ने मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित होने पर दी प्रतिक्रिया
भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार काे जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने यूसीसी लागू कर एक नया अध्याय जोड़ा है। उनके अनुसार, इस कानून से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं तथा बेटियों को समान अधिकार एवं कानूनी संरक्षण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता सभी नागरिकों के लिए समान न्याय और समान अधिकार की भावना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समान नागरिक अधिकारों के दृष्टिकोण के अनुरूप बताते हुए कहा कि विधानसभा से विधेयक पारित होने के बाद राज्य में समान कानूनी व्यवस्था लागू करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तावित कानून के तहत लिव-इन रिलेशनशिप का एक माह के भीतर पंजीयन अनिवार्य होगा तथा नियमों के उल्लंघन पर दंड का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय समुदाय को इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है और उनकी परंपराओं एवं सांस्कृतिक पहचान से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। खंडेलवाल के अनुसार, समान नागरिक संहिता संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों में निहित समान नागरिक कानून की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न व्यक्तिगत कानूनों के कारण उत्पन्न व्यावहारिक कठिनाइयों में कमी आएगी और विशेष रूप से महिलाओं को न्याय एवं अधिकारों की दृष्टि से अधिक सशक्त आधार मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यूसीसी राज्य में न्यायिक समानता, सामाजिक समरसता और सुशासन को मजबूती प्रदान करेगी तथा मध्य प्रदेश को अधिक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

