राजगढ़ः त्योहर पर वेतन में कटौती से नाराज सफाईकर्मियों ने जताया विरोध
राजगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दीपावली के त्योहार पर ब्यावरा के सिविल अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को वेतन में कटौती का सामना करना पड़ा। बैंक खातों में उम्मीद से कम राशि पहुंचने पर कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। सफाईकर्मियों ने शनिवार को एकजुट होकर अस्पताल प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा और वेतन कटौती की जांच कर बकाया राशि दिलाने की मांग की।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने पूरे महीने नियमित रूप से काम किया और उनकी उपस्थिति भी 100 प्रतिशत रही। इसके बावजूद हाजिरी कम दर्शाकर वेतन में कटौती कर दी गई। त्योहार के ठीक पहले कम वेतन मिलने से उनके सामने परिवार का खर्च चलाने और दीपावली का त्योहार मनाने में परेशानी खड़ी हो गई।
कर्मचारियों ने बताया कि लाडबाई को 1900 रुपए, रेशमबाई को 4600 रुपए, रीनाबाई और कृष्णाबाई को 2-2 हजार रुपए, सुशीला बाई को 2300 रुपए, ममताबाई को 4 हजार रुपए, रेखाबाई को 5 हजार रुपए, मनोहर को 2 हजार रुपए और अरविंद को 3700 रुपए कम मिले हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि इतनी राशि की कटौती से उनके घरेलू बजट पर असर पड़ा है। सुपरवाइजर पर अभद्रता के आरोप महिला सफाईकर्मियों ने सुपरवाइजर रामदयाल वाल्मीकि पर अभद्र व्यवहार करने और आए दिन परेशान करने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता। कर्मचारियों ने अधिकारियों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। आवेदन में कर्मचारियों ने उपस्थिति रजिस्टर और वेतन भुगतान का मिलान कर कटौती का कारण स्पष्ट करने तथा काटी गई राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

