राजगढ़ः सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहरों में लगे कचरे के ढेर, दीपावली से पहले बिगड़ी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहरों में लगे कचरे के ढेर, दीपावली से पहले बिगड़ी व्यवस्था


राजगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रदेशव्यापी हड़ताल के चलते जिले के नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी प्रभावित रही। दीपावली में अब केवल तीन दिन शेष हैं, लेकिन राजगढ़, ब्यावरा, खिलचीपुर, नरसिंहगढ़, माचलपुर और जीरापुर सहित कई शहरों में सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं।

एक ओर लोग घरों और दुकानों की सफाई कर दीपावली की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर शहरों में गंदगी फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। सफाई कर्मचारी नियमितीकरण, 25 हजार रुपये मासिक वेतन, ठेका प्रथा समाप्त करने और पेंशन सहित अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के विरोध में प्रदेशभर के नगरीय निकायों के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार से काम बंद कर हड़ताल शुरू की है। दीपावली से पहले आमतौर पर नगर निकायों की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाता है। इसके तहत बाजारों, मुख्य सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कराई जाती है, ताकि त्योहार के दौरान शहर स्वच्छ नजर आएं। लेकिन इस बार हड़ताल के कारण नियमित सफाई कार्य ठप पड़ा है।

शहरों में कचरा जमा होने से रहवासियों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार नजदीक होने के कारण लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही हड़ताल समाप्त होगी और नगरों में सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौटेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story