जबलपुर में 101वीं दीक्षांत परेड सम्पन्न, 221 नव आरक्षकों ने किया शानदार मार्च-पास्ट

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में 101वीं दीक्षांत परेड सम्पन्न, 221 नव आरक्षकों ने किया शानदार मार्च-पास्ट


जबलपुर, 12 जून (हि.स.)। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस), 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर में शुक्रवार को 101वीं दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल की 21 बटालियनों से आए 221 नव प्रशिक्षित आरक्षकों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर अनुशासन, समन्वय और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जोन जबलपुर, प्रमोद वर्मा ने परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण किया। परेड के दौरान 6वीं वाहिनी के कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने नव प्रशिक्षित आरक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, जोन जबलपुर अतुल सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले आरक्षकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रशिक्षण अवधि में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में एडीजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय पुलिस विभाग को कुशल एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान से अब तक 100 बैच सफलतापूर्वक पास आउट हो चुके हैं और 101वां बैच आज प्रशिक्षण पूर्ण कर रहा है। उन्होंने नव आरक्षकों से जनसेवा, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने 6वीं वाहिनी के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की स्थापना वर्ष 1942 में हुई थी। उन्होंने कहा कि अब तक यहां 100 बैचों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया जा चुका है। वर्ष 2005 में झारखंड जिला पुलिस बल के 250 नव आरक्षकों को भी इसी संस्थान में प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।

प्रशिक्षण के दौरान आरक्षकों को पीटी, ड्रिल, योग, यूएसी, आधुनिक हथियारों का संचालन, फायरिंग, कानून, पुलिस प्रक्रिया और पुलिस-समाज संबंधों सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा फील्ड स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण, घुड़सवारी, ड्राइविंग, वायरलेस संचार, कंप्यूटर संचालन, रेलवे सुरक्षा तथा अन्य समकालीन विषयों की भी जानकारी दी गई, जिससे प्रशिक्षुओं को पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समझ विकसित हो सके।

कार्यक्रम में पीटीएस के डिप्टी कमांडेंट आशुतोष मिश्रा, लामू सिंह श्याम, पी.एल. परतेती, मोनिका तिवारी, असिस्टेंट कमांडेंट एम.पी. सिंह, विजय कुमार अंभोरे, मोहन्ती मरावी, रीना पाण्डे शर्मा, सीडीआई स्वरूप सिंह उइके, विजय मेहरा, विक्रम सिंह, क्वार्टर मास्टर हितेश फुलझेले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं नव प्रशिक्षित आरक्षकों के परिजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नव आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story