राजगढ़ः सांझा चूल्हा योजना में पोषण पर जोर, 9 सेक्टरों में आयोजित हुई पोषण प्रदर्शनी
राजगढ़, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग नरसिंहगढ़ द्वारा सांझा चूल्हा योजना के तहत बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते और भोजन को अधिक स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं रुचिकर बनाने के उद्देश्य से सेक्टर स्तर पर पोषण प्रदर्शनी और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देश पर नरसिंहगढ़ परियोजना के अंतर्गत कुल 9 स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में पोषण जागरूकता, कुकिंग प्रतियोगिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार किए जाने वाले पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं और माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, पोषण संबंधी आवश्यकताओं और शारीरिक एवं मानसिक विकास में पौष्टिक भोजन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में सांझा चूल्हा समूह की महिलाओं ने बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तैयार करने के कई नवाचार भी साझा किए। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन कुपोषण दूर करने, पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में सहायक हैं।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सांझा चूल्हा समूह की महिलाएं और बच्चों की माताएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। विभाग द्वारा आयोजित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और पोषण स्तर में सुधार के प्रयासों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

