राजगढ़ में आवारा सांड का आतंक, युवती को टक्कर मारकर सड़क पर गिराया; घटना सीसीटीवी में कैद

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में आवारा सांड का आतंक, युवती को टक्कर मारकर सड़क पर गिराया; घटना सीसीटीवी में कैद


राजगढ़, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर नगर में आवारा सांड के हमले का मामला सामने आया है। जमाई कॉलोनी में सड़क से गुजर रही एक युवती को तेज रफ्तार सांड ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवती पीठ पर बैग और हाथ में सामान लेकर कॉलोनी की सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आवाज आने पर जैसे ही वह मुड़ी, तभी अचानक तेज गति से दौड़ता हुआ सांड आया और उसने युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवती सड़क पर गिर गई और कुछ समय के लिए बेहोश हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवती को उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। कुछ देर बाद होश आने पर उसे प्राथमिक सहायता दी गई। गनीमत रही कि युवती को गंभीर चोट नहीं आई और वह बाद में अपने घर चली गई। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में चिंता का माहौल है।

रहवासियों का कहना है कि जीरापुर नगर में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़कों और कॉलोनियों में घूमते आवारा सांड आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story