चित्रकूट की पवित्र मंदाकिनी में सीवेज बहाने पर एनजीटी सख्त, 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट की पवित्र मंदाकिनी में सीवेज बहाने पर एनजीटी सख्त, 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस


भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट की जीवनरेखा मंदाकिनी नदी में बिना उपचारित सीवेज और गंदा पानी बहाए जाने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। होटलों, धर्मशालाओं, आश्रमों और अन्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाला अपशिष्ट जल सीधे नदी में पहुंचने पर मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 103 प्रतिष्ठानों को वैधानिक नोटिस जारी किए हैं। अधिकरण ने निरीक्षण रिपोर्ट पर चिंता जताते हुए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति और दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।

यह मामला निष्पादन आवेदन क्रमांक 07/2026 (सीजेड), मूल आवेदन क्रमांक 02/2013, नित्यानंद मिश्रा विरुद्ध मध्यप्रदेश शासन एवं अन्य से संबंधित है। गुरुवार, 26 नवंबर को भोपाल स्थित केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ में हुई सुनवाई के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 10 अगस्त 2026 की निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

निरीक्षण रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि चित्रकूट में प्रस्तावित सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते नगर के घरेलू सीवेज के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं है। कई होटल, धर्मशालाएं और आश्रम अपना अनुपचारित अपशिष्ट जल सीधे अथवा नालों के माध्यम से मंदाकिनी नदी में छोड़ रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सतना क्षेत्रीय कार्यालय ने ऐसे 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मानसून के दौरान नदी के जल नमूनों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। हालांकि, इसका कारण बारिश के पानी से प्रदूषण का पतला होना और नदी की प्राकृतिक स्वच्छीकरण क्षमता बताया गया है। इसके बावजूद नदी में सीवेज का प्रवाह लगातार जारी है।

एनजीटी ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट के उत्पादन और उनके उपचार के बीच अंतर तथा सीवेज शोधन संयंत्र के चालू नहीं होने की स्थिति पर भी चिंता जताई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति निर्धारित करने और दोषी प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियोजन संबंधी कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story