भाद्रपद अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ी आस्था, कामतानाथ के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
भाद्रपद अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ी आस्था, कामतानाथ के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु


सतना, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की धर्मनगरी चित्रकूट में भाद्रपद अमावस्या के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाल ही में आई भीषण बाढ़ के बाद यह पहली अमावस्या थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। सुबह होते ही कामतानाथ मंदिर और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की आवाजाही बढ़ गई।

चित्रकूट में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला एक दिन पहले से ही शुरू हो गया था। शुक्रवार सुबह प्रमुख धार्मिक स्थलों और परिक्रमा मार्ग पर भीड़ बढ़ती चली गई। श्रद्धालुओं ने कामतानाथ मंदिर में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद भक्तों ने कामदगिरि की परिक्रमा शुरू की।

भाद्रपद अमावस्या के चलते चित्रकूट का पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया। मंदिर परिसर से लेकर परिक्रमा मार्ग तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने श्रद्धा के साथ दर्शन-पूजन कर कामतानाथ भगवान का आशीर्वाद लिया।

हाल ही में आई बाढ़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट रहा। पवित्र मंदाकिनी नदी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रमुख घाटों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा जा सके।

पुलिस प्रशासन की टीमें किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहीं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई। खबर लिखे जाने तक कामतानाथ मंदिर में दर्शन और कामदगिरि की परिक्रमा का क्रम जारी था।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story