डिंडौरी में काली विसर्जन के दौरान चल समारोह में अंडे फेंकने की अफवाह पर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
डिंडौरी में काली विसर्जन के दौरान चल समारोह में अंडे फेंकने की अफवाह पर हंगामा


डिंडौरी, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी नगर में शनिवार देर रात मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने की अफवाह से तनाव फैल गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात को संभाला।

जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस रात करीब साढ़े 11 बजे निकाला जा रहा था। जब जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, तो सड़क पर चार से पांच फूटे हुए अंडे मिले। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र होने लगी। कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एस डी एम राम बाबू देवांगन और एस डी ओ पी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुआ। उन्होंने भीड़ को आगे बढ़ने से रोका।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story