जबलपुरः भेड़ाघाट के लिटिल हार्ट स्कूल में आरटीओ की कार्रवाई, फिटनेस विहीन बस जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः भेड़ाघाट के लिटिल हार्ट स्कूल में आरटीओ की कार्रवाई, फिटनेस विहीन बस जब्त


जबलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में भेड़ाघाट स्थित लिटिल हार्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल में संचालित पांच नए वाहन बिना पंजीयन के चलते पाए गए। इस पर आरटीओ टीम ने स्कूल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद स्कूल प्रशासन ने अपने लेटर पैड पर लिखित आश्वासन दिया कि सभी पांच वाहनों का आगामी सात दिनों के भीतर विधिवत पंजीयन कराया जाएगा तथा तब तक उनका संचालन नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान आरटीओ अधिकारियों ने स्कूल के अन्य वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की। इस दौरान वाहन क्रमांक एमपी-20 डीए-2089 की स्कूल बस बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाई गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आरटीओ टीम ने बस को तत्काल जब्त कर लिया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेज दिया। मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग के अनुसार छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत भेड़ाघाट स्थित स्कूल में यह कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीयन अथवा आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालित करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story