जबलपुर में 3,185 युवा स्वयंसेवकों का पथ संचलन संपन्न, अनुशासन और एकरूपता का दिया परिचय
जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकौशल प्रांत के युवा स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन शनिवार को जबलपुर में संपन्न हुआ। श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित शिविर के तीसरे दिन निकले इस संचलन में 34 जिलों के 3,185 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल और एकरूपता के साथ संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।
संघ का यह शिविर 22 अक्टूबर की शाम से प्रारंभ हुआ था, जिसका औपचारिक उद्घाटन 23 अक्टूबर को किया गया। शिविर में 16 से 32 वर्ष आयु वर्ग के युवा स्वयंसेवक शामिल हुए हैं। इनके साथ लगभग 500 प्रबंधक भी व्यवस्थाओं और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
शनिवार को पथ संचलन शाम 3:30 बजे श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रारंभ हुआ और केशरवानी कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने समान गति, अनुशासन और कदमताल के साथ शारीरिक दक्षता तथा सामूहिकता का प्रदर्शन किया।
संचलन देखने के लिए बनाए गए 20 मंच
पथ संचलन के अवलोकन के लिए जबलपुर महानगर के विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े विशिष्ट और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया था। जाति-बिरादरी, विभिन्न भाषा-भाषी समुदायों और कृषक वर्ग सहित समाज की 20 श्रेणियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रण दिया गया।
संचलन मार्ग पर 20 मंच बनाए गए थे। इन मंचों से आमंत्रित अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने वाले लोगों ने स्वयंसेवकों का संचलन देखा। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी इसे देखने पहुंचे। कई लोगों ने पहली बार इस तरह का पथ संचलन देखा और स्वयंसेवकों के अनुशासन, कदमताल, एकरूपता तथा सामूहिक प्रयास की सराहना की।
25 अक्टूबर को डॉ. मोहन भागवत देंगे मार्गदर्शन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का जबलपुर आगमन हो चुका है। वे 25 अक्टूबर को शिविर में शामिल होंगे और दो सत्रों में युवा स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे।
शिविर का समापन 25 अक्टूबर को सायंकाल प्रात्यक्षिक कार्यक्रम के बाद होगा। महाकौशल प्रांत के विभिन्न जिलों से आए युवाओं का यह एकत्रीकरण अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
जबलपुर में संपन्न पथ संचलन के माध्यम से युवा स्वयंसेवकों ने सामूहिक प्रयास, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

