जबलपुर में आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनक दीवार लेखन से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनक दीवार लेखन से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच


जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मदनमहल स्थित एनएमटी की दीवार पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने से सोमवार को इलाके में आक्रोश और हलचल का माहौल बन गया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक शब्दों पर पड़ी तो इसकी सूचना तेजी से आसपास फैल गई। मामले को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। किसी तरह का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो, इसे देखते हुए पुलिस ने नगर निगम को दीवार पर लिखी आपत्तिजनक टिप्पणी हटाने के लिए सूचित किया।

सूचना पर नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और पहले दीवार पर लिखे शब्दों को सफेद रंग से ढंका गया। इसके बाद पूरी जगह पर लाल रंग से पुताई कर दी गई, जिससे आपत्तिजनक लेखन पूरी तरह मिट गया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखने वाले अज्ञात लोगों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हरकत के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका उद्देश्य क्या था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story