जबलपुरः बजरंग दल ने सनातनी मुद्दों को लेकर किया जमकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बजरंग दल ने सनातनी मुद्दों को लेकर किया जमकर प्रदर्शन


जबलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मप्र के जबलपुर में शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया और विरोध जताया गया।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की एकता और शांति बनाए रखने के लिए असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से अवैध गतिविधियों, अपराधों और अतिक्रमण जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से कुछ बिंदु उठाए गए जिनमे, कथित जबरन धर्मांतरण और इससे जुड़े मामलों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून की मांग के साथ सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग। आपराधिक और संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में कड़ी निगरानी और कार्रवाई हो इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए तेज न्यायिक प्रक्रिया लागू करने की मांग की है।

बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आगे और व्यापक आंदोलन कर सकता है। इस दौरान संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story