छठ पूजा पर रेलवे अलर्ट: जबलपुर मंडल के 8 प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई गईं यात्री सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
छठ पूजा पर रेलवे अलर्ट: जबलपुर मंडल के 8 प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई गईं यात्री सुविधाएं


जबलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए जबलपुर, मदन महल, कटनी, कटनी मुड़वारा, सतना, सागर, दमोह और पिपरिया स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इन स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, होल्डिंग एरिया और निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

बुधवार को जारी पत्र के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। अधिकारी और कर्मचारी लगातार इनकी निगरानी कर रहे हैं, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से राहत दिलाने जबलपुर, कटनी और कटनी मुड़वारा स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की निगरानी बढ़ाई गई है। इसके साथ ही एटीवीएम और एम-यूटीएस मोबाइल ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।

प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जहां वाणिज्य विभाग के कर्मचारी टिकट, ट्रेनों के संचालन और अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जबलपुर, कटनी, कटनी मुड़वारा और सतना स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। यहां यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराने की व्यवस्था की गई है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो।

प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ भी लगाया गया है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी समय पर देने के लिए नियमित उद्घोषणाएं की जा रही हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, खानपान स्टॉल और अन्य यात्री सुविधाओं पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है।

आरपीएफ जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सहायता में भी जुटे हुए हैं। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775506 Articles

Share this story