एमपीएल-2026ः रॉयल निमाड़ ईगल्स ने बारिश से बाधित सेमीफाइनल में बनाई फाइनल में जगह

WhatsApp Channel Join Now
एमपीएल-2026ः रॉयल निमाड़ ईगल्स ने बारिश से बाधित सेमीफाइनल में बनाई फाइनल में जगह


इंदौर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 के पहले सेमीफाइनल में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। होलकर स्टेडियम इंदौर में गुरुवार को रॉयल निमाड़ ईगल्स और रीवा जैगुआर्स के बीच खेला गया मुकाबला लगातार बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका और इसे नो रिजल्ट घोषित कर दिया गया। लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन और अंकतालिका में ऊंची रैंकिंग के आधार पर रॉयल निमाड़ ईगल्स को फाइनल का टिकट मिला।

टॉस जीतकर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही रीवा जैगुआर्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। रीवा की टीम 7.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 41 रन ही बना सकी थी, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।

रीवा जैगुआर्स की ओर से कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। उन्होंने 22 गेंदों की पारी में टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके आउट होते ही बारिश ने मुकाबले का रोमांच खत्म कर दिया। उस समय सागर सोलंकी 5 रन बनाकर नाबाद थे।

रॉयल निमाड़ ईगल्स की गेंदबाजी में कुमार कार्तिकेय सबसे सफल रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं परुष मंडल और धर्मेश पटेल ने एक-एक विकेट लेकर रीवा की बल्लेबाजी को झटके दिए।

ईगल्स के गेंदबाजों ने नई गेंद से सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए रीवा के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और शुरुआती ओवरों में ही मैच पर पकड़ बना ली थी।

रॉयल निमाड़ ईगल्स ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 9 मुकाबलों में 7 जीत दर्ज कर 15 अंक हासिल किए और अंकतालिका में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। वहीं रीवा जैगुआर्स 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही थी।

लीग प्रदर्शन के आधार पर बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल का फैसला रॉयल निमाड़ ईगल्स के पक्ष में गया और टीम ने MPL 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story