अनूपपुर: जर्जर मकान की छत गिरी, नीचे खड़ी कार चकनाचूर; बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जर्जर मकान की छत गिरी, नीचे खड़ी कार चकनाचूर; बड़ा हादसा टला


अनूपपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र की पुरानी बस्ती में मंगलवार को एक जर्जर मकान की छत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबा सीधे नीचे खड़ी एक कार पर गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि का हादसा टल गई।

जानकारी के अनुसार, जगदीश तिवारी के मकान की जर्जर छत का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे में बाहर खड़ी कार (क्रमांक एमपी 18 सीए 4582) का बोनट और शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन मालिक को करीब ₹2 लाख का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया और सुरक्षा की दृष्टि से छत के शेष खतरनाक हिस्से को भी गिरा दिया, ताकि भविष्य में किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।

पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

यह घटना 4 अप्रैल को कोतमा बस स्टैंड स्थित तीन मंजिला होटल के ढहने की घटना से महज 200 कदम की दूरी पर हुई है। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद शहर में जर्जर और अवैध बहुमंजिला इमारतों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद भी नगर पालिका ने 50 से अधिक जर्जर और अवैध बहुमंजिला भवनों को केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता निभाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शहर में निर्धारित 13 मीटर ऊंचाई सीमा के विपरीत कई स्थानों पर 20 मीटर तक ऊंची पांच से छह मंजिला इमारतें खड़ी हैं, जो लगातार हो रही बारिश के बीच किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

घटना के बाद नगर पालिका की टीम ने आजाद चौक स्थित एक अन्य जर्जर मकान के हिस्से को भी तुड़वाया। वहीं एलआईसी कार्यालय के पास झुकी हुई बाउंड्री का निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story