अनूपपुर: नदी-नाले उफान पर, पुल-रपटों पर पानी, गांवों का टूटा संपर्क, अबतक 3 इंच बारिश

WhatsApp Channel Join Now

अनूपपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही रिमझिम और तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी है।

पिछले दिनों में जिले में औसतन 75.1 मिमी यानी करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोन, तिपान, जोहिला, केवई, गोहंड्रा और अलान नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं बुधवार शाम से रात तक कई बरसाती नदी-नाले उफान पर आ गए और सड़कों पर पानी बहने लगा। इससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ गांवों का संपर्क भी टूट गया। रात में बारिश कम होने के बाद गुरुवार सुबह नदी-नालों का जलस्तर कुछ घटा है।

ग्राम पंचायत बम्हनी और छिल्पा के आसपास छातन और सट्टन नदी का जलस्तर बढ़ने से धनगवा-बम्हनी मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बने। बम्हनी में सड़क का पानी एक ग्रामीण के घर में घुसने की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्रा और पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पानी की निकासी का रास्ता बनाया गया और घर की ओर आ रहे पानी को दूसरी दिशा में मोड़ा गया।

कोतमा के लामाटोला जलाशय का पानी भी आसपास के इलाकों में फैलने लगा है। कोतमा-केशवाही मार्ग पर मुड़धवा गांव के पास पुल पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि अब पानी का बहाव कम हो गया है।

24 घंटे में 22.9 मिमी बारिश

भू-अभिलेख कार्यालय के अधीक्षक प्रदीप मोगरे के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले में कुल 22.9 मिमी यानी करीब 1 इंच बारिश दर्ज की गई। कोतमा में 58 मिमी, बिजुरी में 31.2 मिमी, अनूपपुर में 24.8 मिमी, बेनीबारी में 15.6 मिमी, जैतहरी में 20.2 मिमी, अमरकंटक में 11.2 मिमी, वेंकटनगर में 17.3 मिमी और पुष्पराजगढ़ में 5.4 मिमी बारिश हुई।

सामान्य से 68.4 मिमी ज्यादा बारिश

1 जून से अब तक जिले में कुल 975.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह पिछले साल की इसी अवधि में हुई 883.6 मिमी बारिश से 91.9 मिमी अधिक है। इस अवधि के लिए जिले की सामान्य औसत बारिश 907.1 मिमी मानी जाती है, यानी इस बार अब तक सामान्य से 68.4 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है।

निचले इलाकों में निगरानी

बाढ़ आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी सोनू राजपूत ने बताया कि बारिश की और संभावना है। कुछ निचले इलाकों के पुल और रपटों पर पानी का बहाव रहा था, लेकिन फिलहाल पानी कम हो गया है और स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story