बीहर नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य शीघ्र होगा प्रारंभ : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
बीहर नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य शीघ्र होगा प्रारंभ : उप मुख्यमंत्री शुक्ल


- उप मुख्यमंत्री ने रीवा में बीहर रिवर फ्रंट फेज-टू का किया लोकार्पण

भोपाल, 10 मई (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पचमठा धाम स्थित निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक बीहर रिवर फ्रंट के बन जाने से नदी के एक तरफ के रिवर फ्रंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी चरण में निपनिया से पुष्पराज नगर तक नदी के दूसरे किनारे रिवर फ्रंट का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। आने वाले समय में बड़ी पुल के पास एनिकट बनाकर पानी में बाबा घाट से राजघाट तक क्रूज भी चलाया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल शनिवार की शाम रीवा में बीहर रिवर फ्रंट फेज-टू के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर फीता काटकर बीहर रिवर फ्रंट फेज-टू का लोकार्पण किया और निषादराज घाट से कोतवाली घाट तक भ्रमण किया। इससे पूर्व बीहर रिवर फ्रंट भाग एक आमजनों के लिए लोकार्पित किया जा चुका है।

पचमठा धाम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पर्यटक व रीवा वासी रिवर फ्रंट से कलकल बहती बीहर नदी के अप्रतिम सौन्दर्य को करीब से निहार सकेंगे। रिवर फ्रंट का रख-रखाव का दायित्व निर्धारित कर दिया गया है। व्यवस्थित ढंग से इसका रख-रखाव हो। उन्होंने कहा कि पचमठा धाम जागृत स्थल है। यहाँ आदि शंकराचार्य जी के चरण पर पड़े थे। इसका वैभव पुनर्स्थापित हुआ है। उपेक्षा पर आस्था की विजय हुई है। यहाँ होने वाली बीहर आरती का दृश्य अद्भुत होता है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि भगवत कृपा से ही रीवा में विकास के कार्य हो रहे हैं। भगवान के स्थलों के जागृत होने से रीवा लगातार आगे बढ़ रहा है। रीवा में बनने वाली अधोसंरचनाओं व निर्माण कार्यों की देश एवं प्रदेश स्तर पर प्रशंसा हुई है। शहरवासियों का भी दायित्व है कि वह इन संरचनाओं को व्यवस्थित व सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आपरेशन सिंदूर से भारत ने अपनी ताकत दिखाई है। एकजुटता के साथ भारत आगे बढ़ रहा है। हमारा देश परम वैभव पर पहुंचकर विश्व का नेतृत्व करेगा। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ एवं हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि आदर्श नगर में गौरवपूर्ण जीवन जीने के लिए उस शहर का समन्वित विकास आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल के संकल्प से रीवा में आधारभूत संरचनाओं, पार्कों का विकास तथा रिवर फ्रंट की सौगात मिली है। उन्होंने रीवा में स्वच्छ हवा व स्वच्छ पानी के इंतजाम के लिए उप मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।

नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने बताया कि रिवर फ्रंट का रखरखाव नगर निगम के माध्यम से एजेंसी द्वारा कराया जाएगा। रीवा के सभी अधोसंरचनाओं के रखरखाव में भी नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने बताया कि बाबा घाट में एसटीपी निर्मित हो चुका है। कोतवाली घाट का एसटीपी जून माह के अंत तक निर्मित हो जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story