रीवा में कच्चा मकान निर्माण के दौरान दीवार ढहने से महिला की मौत, बेटा-बहू बाल-बाल बचे
रीवा, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र के मनकहरी गांव में शुक्रवार को कच्चे मकान के निर्माण के दौरान दीवार ढहने से एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के समय महिला का बेटा और बहू भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, मनकहरी गांव में मकान निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान पटिया खिसकने से अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय करीब 55 वर्षीय सविता चतुर्वेदी समेत परिवार के लोग मौके पर मौजूद थे। दीवार गिरते ही बेटा और बहू किसी तरह बाहर निकल गए, जबकि सविता मलबे में ही दबी रह गईं।
सविता के पति विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे के दौरान उनकी पत्नी मलबे में दब गई थीं। उन्हें बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही सगरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को मलबे से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सगरा थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि महिला की मौत दीवार गिरने से हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि निर्माण के दौरान किन परिस्थितियों में पटिया खिसका और दीवार ढह गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

