रीवाः तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत के बाद हंगामा, ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत के बाद हंगामा, ग्रामीणों ने लगाया जाम


रीवा, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिला में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शाम करीब साढ़े 5 बजे त्योंथर के घूमा ब्रिज के पास हुई, जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार आर्टिका कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में मृतक की पहचान शीला साकेत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपत्ति लौरी से प्रयाग की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे नेशनल हाईवे-30 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब 4 घंटे तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए लोगों को समझाइश दी।

घायल पति को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। त्योंथर के तहसीलदार राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन की समझाइश के बाद शाम को जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story