रीवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनेगा सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, विंध्य की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मुकाम
भोपाल, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने के लिए विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना का विकास समय की आवश्यकता है। उन्होंने रीवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बुधवार काे मंत्रालय भोपाल में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स रीवा के विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विंध्य क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने खेल अधोसंरचना विकास के कार्यों में तेजी लाने तथा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रीवा में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण क्षेत्र में एथलेटिक्स गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव संजीव कुमार सिंह उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

