रीवा में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का किया इस्तेमाल
रीवा, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के घेराव की कोशिश की, इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन चलाए और आंसू गैस के गोले भी दागे।
जानकारी के अनुसार एनएसयूआई कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप और सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय की ओर कूच कर रहे थे। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे और बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। करीब 45 मिनट तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को नियंत्रित किया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि छात्र संगठन शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन पुलिस ने अनावश्यक बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की। उनका कहना है कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें दबाया जा रहा है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

