रीवा-मऊगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बोले- विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं

WhatsApp Channel Join Now
रीवा-मऊगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बोले- विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं


रीवा-मऊगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बोले- विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं


मऊगंज/रीवा/भोपाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को रीवा और मऊगंज जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता की। उन्होंने जिला एवं संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मऊगंज में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में खंडेलवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव तैयार करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उनके प्रयास आने वाली पीढ़ी के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का प्रयास है कि गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जनधन और फसल बीमा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की राशि सीधे पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिली है।

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए किसानों से जुड़े आंदोलनों और समस्याओं को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने वर्ष 1998 के मुलताई किसान गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय किसानों की मांगों को लेकर आंदोलन हुआ था और पुलिस कार्रवाई में किसानों की मौत हुई थी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फसल बीमा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान से सुरक्षा देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर भी जोर दिया।

7 अक्टूबर के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से सहभागिता का आह्वान

हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से 7 अक्टूबर को मऊगंज, रीवा सहित अन्य जिलों में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव और सत्ता के लिए काम करने वाला संगठन नहीं, बल्कि विचारधारा और राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत के आधार पर काम करने वाला संगठन है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करना चाहिए।

‘पद बदलता है, कार्यकर्ता भाव नहीं’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता का व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने में वर्षों से काम कर रहे वरिष्ठ और संस्थापक कार्यकर्ताओं के योगदान को नई पीढ़ी को याद रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पद व्यक्ति के पास सीमित समय के लिए रहता है, जबकि संगठन और विचारधारा लंबे समय तक रहती है। प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करे तो संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।

बेटियों और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह, लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं के माध्यम से बेटियों और महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और भविष्य तक सरकार की योजनाओं का उद्देश्य परिवारों को सहयोग देना है।

सेवा गतिविधियों में भी हुए शामिल

रीवा-मऊगंज प्रवास के दौरान खंडेलवाल ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लिया। रीवा के अटल पार्क में पौधारोपण किया। मऊगंज में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम और जिला बैठक में शामिल हुए। रीवा में कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

रीवा के भाजपा संभागीय कार्यालय अटल कुंज में आयोजित वृहद जिला बैठक को भी उन्होंने संबोधित किया। इस दौरान दोनों जिलों में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story