रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 96 हजार की रिश्वत लेते जिला सहकारी बैंक मैनेजर गिरफ्तार
-धान खरीदी के भुगतान के बदले मांगा था 3 प्रतिशत कमीशन
सतना, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में धान खरीदी की राशि के भुगतान के एवज में 3 प्रतिशत कमीशन मांगने वाले जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक केसी शर्मा को रीवा लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई सतना के प्रेमनगर स्थित उनके आवास पर की गई। रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी प्रबंधक को सर्किट हाउस ले गई, जहां उससे पूछताछ के साथ दस्तावेजी कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त के अनुसार, नागौद स्थित जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक सिद्धार्थ ओझा ने केसी शर्मा पर धान खरीदी की राशि के भुगतान के बदले कुल राशि का 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया था। कमीशन की रकम करीब एक लाख रुपए बताई गई। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर सिद्धार्थ ओझा ने रीवा लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। बुधवार को निरीक्षक एसआर मरावी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम प्रेमनगर पहुंची। शिकायतकर्ता ने जैसे ही केसी शर्मा को 96 हजार रुपए दिए, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
बैंक और सहकारिता विभाग में मचा हड़कंप
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर से बैंकिंग और सहकारिता विभाग में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम आरोपी को सर्किट हाउस ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारी धान खरीदी की राशि के भुगतान, कमीशन की मांग और रिश्वत लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रहे हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

