रीवा: हॉस्टल में सोया छठी का छात्र सुबह नहीं उठा, मौत, कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
रीवा: हॉस्टल में सोया छठी का छात्र सुबह नहीं उठा, मौत, कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका


रीवा, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मंगलवार सुबह एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र रात में अपने रूम पार्टनर के साथ सोया था, लेकिन सुबह काफी देर तक नहीं उठा। हॉस्टल के कर्मचारियों ने उसे देखा तो शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक की पहचान सूर्यांश गुप्ता (13) के रूप में हुई है। वह रीवा जिले के जवा क्षेत्र का रहने वाला था और चोरहटा स्थित गुरुकुल निजी विद्यालय में कक्षा छठी में पढ़ता था। सूर्यांश हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुबह जगाने पहुंचे तो नहीं उठा छात्र

हॉस्टल के केयरटेकर रावेंद्र सिंह के मुताबिक, सूर्यांश सोमवार शाम छह बजे से रात 8:30 बजे तक क्लास में शामिल हुआ था। इसके बाद उसने अन्य बच्चों के साथ बैठकर डिनर किया। रात करीब 9:30 बजे हॉस्टल की नियमित प्रक्रिया के तहत सभी बच्चों की फोटो ली गई। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब दूसरे बच्चे उठ गए, तब सूर्यांश अपने बिस्तर पर ही था। उसे जगाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई और उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शरीर पर चोट के निशान नहीं, कार्डियक अरेस्ट की आशंका

संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, छात्र के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि उसे पहले से किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के आधार पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है।

हालांकि, अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पिता का आरोप- बेहतर अस्पताल ले जाने की बात कही थी

सूर्यांश के पिता विनोद गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे फोन आया कि उनके बेटे की तबीयत खराब है और उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया।

पिता के मुताबिक, उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को किसी अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने और खुद के जल्द पहुंचने की बात कही थी। उनका आरोप है कि इसके बावजूद प्रबंधन ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था नहीं की। जब वे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी। पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।

पुलिस स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बयान दर्ज कर रही

चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक, सुबह स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने पहुंचे थे। इसी दौरान सूर्यांश के नहीं उठने की जानकारी सामने आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल कर्मचारियों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story