रीवा: तेज रफ्तार कार ने तीन जैन साध्वियों को कुचला, दो की मौत, सड़क किनारे पैदल जा रही थीं महिला धर्मगुरु

WhatsApp Channel Join Now
रीवा: तेज रफ्तार कार ने तीन जैन साध्वियों को कुचला, दो की मौत, सड़क किनारे पैदल जा रही थीं महिला धर्मगुरु


रीवा, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा कलेक्ट्रेट के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही तीन महिला धर्मगुरुओं को टक्कर मार दी।

मृत साध्वियों की पहचान श्रुति मति माता और उपसमिति माता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रुति मति माता की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरी साध्वी ने संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल आरिका माता की हालत गंभीर बनी हुई है।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों साध्वियां सड़क किनारे पैदल चल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ी और जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद पूरे जैन समाज में गहरा शोक और आक्रोश है। बड़ी संख्या में समाज के लोग अस्पताल और जैन धर्मशाला पहुंचे। दोनों साध्वियों के पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखे गए, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

270 किलोमीटर भागने के बाद आरोपी गिरफ्तार

हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 270 किलोमीटर तक भागता रहा, लेकिन जबलपुर के बहोरीपार टोल नाके पर बरगी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी को पूछताछ के लिए रीवा लाने की तैयारी की जा रही है।

अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमिश्नर बीएस जामोद, डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story