रीवाः जच्चा-बच्चा की मौत के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः जच्चा-बच्चा की मौत के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन


रीवा, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में संजय गांधी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले को लेकर रीवा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। मंगलवार को युवा कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष यस घनघोरिया के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निज निवास का घेराव करने के लिए बड़ा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों की भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी। इसके बावजूद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तक पहुंच गए और आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और आंसू गैस के तीन गोले छोड़े। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यस घनघोरिया समेत दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

प्रदर्शन के कारण मंत्री के निवास के आसपास का इलाका काफी देर तक पुलिस छावनी में तब्दील रहा।बता दे युवा कांग्रेस के प्रदर्शन की घोषणा के बाद प्रशासन ने उपमुख्यमंत्री के रीवा स्थित निज निवास की सुरक्षा बढ़ा दी थी। निवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारी जैसे ही नारेबाजी करते हुए मंत्री के निवास की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के पास पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद बढ़ गया।प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। कार्यकर्ताओं की मांग है कि जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और यदि किसी स्तर पर आपराधिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।

जच्चा-बच्चा की मौत ने पकड़ा राजनीतिक रंग

संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद से ही रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि अस्पताल में उपचार और व्यवस्था से जुड़ी लापरवाही के कारण यह गंभीर घटना हुई। मामले में जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस पहले भी प्रदर्शन कर चुकी है। अब युवा कांग्रेस ने सीधे स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव कर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story