रीवा टोंस हाइड्रो प्रोजेक्ट ने चार माह पहले ही हासिल किया बिजली उत्पादन का वार्षिक लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
रीवा टोंस हाइड्रो प्रोजेक्ट ने चार माह पहले ही हासिल किया बिजली उत्पादन का वार्षिक लक्ष्य


रीवा, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा स्थित टोंस हाइड्रो प्रोजेक्ट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बिजली उत्पादन का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित समय से चार माह पहले ही हासिल कर लिया है। आठ साल बाद ऐसा अवसर आया है, जब परियोजना ने इतनी जल्दी अपना वार्षिक लक्ष्य पूरा किया है। इससे पहले वर्ष 2017 में टोंस हाइड्रो प्रोजेक्ट ने समय से पहले यह उपलब्धि हासिल की थी।

परियोजना को 31 मार्च 2027 तक 900 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से नवंबर 2026 में ही इसे प्राप्त कर लिया गया। अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं परियोजना प्रमुख यूएस वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय टीम की कार्यक्षमता, सामूहिक प्रयास और आपसी समन्वय को दिया है।

खास बात यह है कि पिछले वार्षिक अनुरक्षण के दौरान मशीनों को बंद रखे जाने से बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ था। वहीं, बारिश से पहले टोंस नदी में पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं था। बीच-बीच में सीडब्ल्यूसी की नहरें भी बंद होती रहीं। इन चुनौतियों के बावजूद परियोजना ने निर्धारित लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया। अधीक्षण अभियंता सिलपरा व्हीडी त्रिपाठी ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस सफलता से टोंस सहित चारों जल विद्युत परियोजनाओं में उत्साह का माहौल है।

देवलोंद परियोजना ने भी अक्टूबर में पूरा किया लक्ष्य

देवलोंद जल विद्युत परियोजना ने भी वार्षिक बिजली उत्पादन का लक्ष्य अक्टूबर माह में ही हासिल कर लिया है। परियोजना को 31 मार्च 2027 तक 143 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था, जिसे निर्धारित समय से पांच माह पहले ही पूरा कर लिया गया। अब वित्तीय वर्ष समाप्त होने में चार माह से अधिक का समय शेष है। इस दौरान पर्याप्त बिजली उत्पादन होने पर पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।

सिलपरा में 83 और झिन्ना में 82 प्रतिशत उत्पादन

सिलपरा और झिन्ना जल विद्युत परियोजनाएं भी बिजली उत्पादन के वार्षिक लक्ष्य के करीब पहुंच गई हैं। अब तक सिलपरा परियोजना ने अपने वार्षिक लक्ष्य का 83 प्रतिशत और झिन्ना परियोजना ने 82 प्रतिशत उत्पादन पूरा कर लिया है। दोनों परियोजनाओं को प्रतिमाह 10-10 लाख यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। चारों परियोजनाओं में बेहतर उत्पादन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784169 Articles

Share this story