रीवाः मंत्री परमार ने किया विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः मंत्री परमार ने किया विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण


रीवा, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने स्थित पार्क में स्थापित प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, छात्र और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को प्रशासनिक भवन के ठीक सामने स्थित पार्क में स्थापित कराया गया है। करीब 11 फीट ऊंची इस प्रतिमा का निर्माण राजस्थान के कुशल कारीगरों द्वारा किया गया है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके आदर्शों, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरित करना है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय परिसर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की भी योजना पर काम किया जा रहा है।

स्वामी विवेकानंद के निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि यह दिन प्रतिमा के अनावरण के लिए अत्यंत उपयुक्त है।उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी प्रतिमा विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करेगी।मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी आधार है। स्वामी विवेकानंद के आदर्श इसी दिशा में युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story