रीवाः संजय गांधी अस्पताल में जुनियर डाक्टर हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं ठप

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः संजय गांधी अस्पताल में जुनियर डाक्टर हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं ठप


रीवा, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर रविवार को हड़ताल पर चले गए हैं। मेडिसिन विभाग के पीजी छात्रों ने पहले थाना पहुंच कर एक दिन पहले शनिवार को एचओडी और पूर्व डीन डॉ मनोज इंदूलकर के खिलाफ यौन उत्पीडऩ की शिकायत दर्ज कराई थी। थाना के लौटने के बाद जूडा हड़ताल पर बैठ गए हैं। सारे काम बंद कर दिए हैं।

उनकी मांग है कि एचओडी पद से डॉ इंदूरकर को हटाया जाए। इस मामले में जूडा ने डीन से मुलाकात कर अपनी मांगें रख दी है। साथ ही यह भी चेतावनी दे दी है कि यदि एचओडी पद से डॉ इन्दुलकर को हटाया नहीं गया तो वह पूरी तरह से एमरजेंसी सेवाएं भी बंद कर देंगे। हालात को देखते हुए डीन ने डॉ इंदूरकर को फोर्सली लीव पर भेज दिया है। अब वह 16 से 28 नवंबर तक जब तक आंतरिक परिवाद समिति की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वह अवकाश पर रहेंगे। इस मामले ने रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज को फिर सुर्खियों में ला दिया है।

डीन ने कहा जांच के बाद ही कुछ कह पाएंगे

श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ शशिधर गर्ग ने कहा है कि छात्रा की शिकायत पर आंतरिक परिवाद समिति को जांच के निर्देश दे दिए हैं। जूनियर डॉक्टरों के प्रतिनिधि मिलने आए थे। उन्होंने एचओडी को हटाने की मांग की है। एमरजेंसी सेवाएं दे रहे हैं। शेष सेवाएं बंद कर दिए हैं। टीम को जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। डॅा मनोज इंदूरकर 16 से 28 नवंबर तक अवकाश पर चले गए हैं। उनका अवकाश पहले से ही निर्धारित था। अब जांच के बाद ही जो सच होगा सामने आएगा।

कॉलेज की सीनियर रेजिडेंट द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर वरिष्ठ चिकित्सक एवं पूर्व डीन डॉ. मनोज इंदुलकर का पक्ष सामने आया है। उन्होंने सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में पांच छात्र डॉक्टरों को उपस्थिति और थीसिस समय पर पूरी नहीं करने को लेकर नोटिस जारी किए गए थे।

डॉ. इंदुलकर ने क्या कहा

डॉ. इंदुलकर के मुताबिक, शिकायतकर्ता को भी थीसिस पूरी करने का अल्टीमेटम दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर उनके खिलाफ साजिश के तहत शिकायत की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में जांच के लिए कमेटी गठित है, लेकिन शिकायतकर्ता ने कमेटी के बजाय सीधे पुलिस में शिकायत की।

क्या है पूरा मामला

इससे पहले शिकायतकर्ता महिला ने अमहिया थाने में लिखित शिकायत कर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। महिला का आरोप था कि डॉक्टर उसे लगातार परेशान करते हैं, भद्दे कमेंट करते हैं, घर के नीचे आते हैं, गिफ्ट देते हैं और दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। महिला ने यह भी कहा था कि इन हरकतों से वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है।

पुलिस ने क्या कहा

मामले में एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि - “एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story