बीहर पुल की मरम्मत में देरी से रीवा शहर की सड़कें बदहाल, भारी वाहनों से बढ़ी परेशानी
रीवा, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में बायपास स्थित बीहर पुल की मरम्मत में हो रही देरी के कारण शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर आवागमन बंद होने से भारी वाहन शहर के भीतर से गुजर रहे हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एमपीआरडीसी और निर्माण एजेंसी केसीसी की लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत कर ली जाती तो शहर की सड़कों को नुकसान नहीं पहुंचता।
जानकारी के अनुसार बायपास स्थित बीहर पुल का बेयरिंग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद एमपीआरडीसी ने मरम्मत कार्य के लिए बाहरी कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी। आरोप है कि प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबा खींचा गया, जबकि संबंधित निर्माण एजेंसी के पास आवश्यक संसाधन और मशीनरी पहले से उपलब्ध थी।
बायपास बंद होने के कारण पिछले डेढ़ महीने से भारी ट्रेलर, हाइवा और अन्य बड़े वाहन शहर के भीतर से गुजर रहे हैं। इससे करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें जगह-जगह टूटने लगी हैं। कई क्षेत्रों में सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं और आम लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी उजागर हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि पुल की मरम्मत तेजी से कराई जाती तो शहर को इस समस्या से नहीं गुजरना पड़ता।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बीहर पुल की मरम्मत शीघ्र पूरी कर बायपास पर यातायात बहाल किया जाए, ताकि शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम हो सके और सड़कों को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

