जीवनसाथी की तलाश में 74 वर्षीय रिटायर्ड फौजी से 12 लाख की ऑनलाइन ठगी, युवती ने फोन किया बंद
रीवा, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में जीवन के आखिरी पड़ाव पर अकेलापन दूर करने के लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे 74 वर्षीय रिटायर्ड फौजी साइबर ठगी का शिकार हो गए। मैट्रिमोनियल साइट के जरिए संपर्क में आई एक युवती ने शादी का भरोसा दिलाकर उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसाया और इलाज के नाम पर करीब 12 लाख रुपये ठग लिए। रकम मिलने के बाद युवती ने मोबाइल फोन बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर बोदाबाग का है। यहां रहने वाले 74 वर्षीय रिटायर्ड फौजी राम सुमेर मिश्रा ने जीवनसाथी की तलाश में एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनवाई थी। कुछ दिनों बाद उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली युवती ने अपना नाम सरस्वती उपाध्याय बताया और खुद को उज्जैन का निवासी बताया।
शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत होने लगी। युवती ने भावनात्मक बातें कर बुजुर्ग का विश्वास जीत लिया। इसके बाद दोनों के बीच शादी को लेकर भी सहमति बन गई। आरोप है कि विश्वास कायम होने के बाद युवती ने पैसों की मांग शुरू कर दी। उसने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी है और इलाज के लिए तत्काल रुपये की जरूरत है।
होने वाली जीवनसाथी की परेशानी सुनकर रिटायर्ड फौजी भावुक हो गए। उन्होंने पेटीएम और कियोस्क सेंटर के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में युवती द्वारा बताए गए बैंक खातों में करीब 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि रकम मिलने के बाद युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर बुजुर्ग को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, पूर्व सैनिक की शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और मोबाइल नंबर से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपी युवती की तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

